जारी में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने बरगद के पेड़ से लगाई फांसी, फांसी से पूर्व स्टेटस व्हाट्सएप में डाला
राजन पाण्डेय/न्यूज11 भारत
चैनपुर/डेस्क: जारी थाना क्षेत्र के सकतार आमगांव निवासी 20 वर्षीय संजू चिक बड़ाइक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक संजू चिक बड़ाइक स्वर्गीय लक्ष्मण का पुत्र बताया गया है. घटना रविवार की सुबह करीब 6 बजे की है. बताया जाता है कि संजू शौच के लिए खेत की ओर गया था जहां उसने बरगद के पेड़ में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.
परिजनों ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व संजू ने हर्रा डिपा गांव की एक युवती को अपने साथ रखा था. दोनों के बीच पति-पत्नी जैसा संबंध था और उनका एक बच्चा भी हुआ था. जिसकी बाद में मौत हो गई थी. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी पत्नी मायके में रह रही थी और दोनों के बीच दांपत्य जीवन ठीक नहीं चल रहा था.
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले युवक ने पत्नी का मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया था. सोमवार की सुबह दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी. जिसमें विवाद भी हुआ. इसके बाद युवक ने यह कदम उठा लिया. बताया जाता है कि फांसी लगाने से पहले उसने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक फोटो भी लगाया था.
घटना की सूचना मिलने पर जारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: रामपुर की घटना पर भाजपा नेता ज्योतिरीश्वर सिंह ने उठाये सवाल, कहा जांच से पहले किसी समाज को दोषी ठहराना गलत