चेन्नई में 4 किलो सोना चोरी के आरोपी को बहरागोड़ा से किया गिरफ्तार, फालूदा का कारोबार कर रहा था आरोपी
न्यूज़11 भारत बहरागोड़ा/डेस्क: तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एलीफेंट थाना पुलिस की टीम ने मंगलवार को बहरागोड़ा से राजस्थान निवासी शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई. पुलिस के अनुसार, शक्ति सिंह करीब दो महीने पहले एलीफेंट थाना क्षेत्र में स्थित एक सोने की दुकान में काम करता था. आरोप है कि दुकान मालिक का हॉलमार्क सोना लाने के दौरान वह करीब 4 किलो सोना लेकर फरार हो गया था.
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी बहरागोड़ा आकर अपनी पहचान छिपाते हुए फालूदा का कारोबार कर रहा था. इसी दौरान चेन्नई पुलिस को उसके बहरागोड़ा में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद एलीफेंट थाना पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. एलीफेंट थाना के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आरोपी के एक अन्य साथी को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है.