घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और गांव में मातम

आंध्र प्रदेश में ट्रेन से कटकर बहरागोड़ा के युवक की मौत, पूर्व विधायक की पहल पर मिली 50 हजार की मदद

गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत 

बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत ब्राह्मणकुंडी गांव निवासी 33 वर्षीय शशधर मुंडा की आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और गांव में मातम पसर गया.

जानकारी के अनुसार, शशधर मुंडा करीब एक सप्ताह पहले रोजगार की तलाश में आंध्र प्रदेश गया था. बताया जा रहा है कि वहां काम नहीं मिलने के बाद वह गुरुवार को ट्रेन से वापस अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान अनकापल्ली रेलवे स्टेशन के पास वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी. इसके बाद झामुमो नेता रिंकू प्रधान और शामल महती ने मामले की जानकारी पूर्व विधायक कुणाल सारंगी को दी. पूर्व विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी सूचना जिला प्रशासन और सीएमओ को दी तथा पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया.

प्रशासन की ओर से संज्ञान लेते हुए मृतक के परिवार को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई. सहायता मिलने के बाद शव को गांव लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

बताया जा रहा है कि शशधर मुंडा के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है. मृतक के पिता लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं. वहीं, शशधर अपने पीछे पत्नी और महज चार साल की एक बेटी छोड़ गया है. ऐसे में मासूम बच्ची की परवरिश और परिवार के भविष्य को लेकर परिजनों के सामने बड़ी चिंता खड़ी हो गई है.

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश को समय रहते नाकाम किया