झारखंड

एक दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू गाड़ी ने ली दो किशोरों की जान, एक युवक की हलात गंभीर

न्यूज़11 भारत  पलामू/डेस्क: पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ. गहर पथरा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार काली स्कार्पियो ने लूना सवार तीन किशोरों को अपनी चपेट में ले लिया. इस टक्कर में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद पूरे सोले गांव में मातम पसर गया है. ​बाजार से घर लौट रहे थे किशोर ​मिली जानकारी के मुताबिक, सोले गांव के रहने वाले तीन किशोर लूना पर सवार होकर पाटन बाजार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान अज्ञात स्कार्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेंदिनीनगर रेफर कर दिया गया. ​अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद १० वर्षीय अफरोज अंसारी (पुत्र इस्तेयाक अंसारी) और १५ वर्षीय तोहिद अंसारी (पुत्र नसीम अंसारी) को मृत घोषित कर दिया. वहीं, १३ वर्षीय इबराराज अंसारी का इलाज अभी जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के अधिकारी महेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ पहुँचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. ​हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर को बहुत जल्द पकड़ लिया जाएगा.