आस्था का ऐसा सैलाब... जिसे देखकर हर कोई 'जय जगन्ना

भगवान जगन्नाथ की एक झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब... गोमो की रथ यात्रा का भव्य नज़ारा

सविता बरनवाल/न्यूज11 भारत  गोमो/डेस्क: आस्था का ऐसा सैलाब... जिसे देखकर हर कोई 'जय जगन्नाथ' के जयघोष में डूब गया. गोमो की सड़कों पर आज वह भव्य और ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला, जब भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की दिव्य रथ यात्रा पूरे धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ निकाली गई. रथ के दर्शन और उसकी रस्सी खींचने के लिए सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. पूरे मार्ग में शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और हर ओर 'जय जगन्नाथ' के जयघोष गूंजते रहे. इस पावन अवसर पर सांसद प्रतिनिधि हरित नारायण भी रथ यात्रा में शामिल हुए. उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ पदयात्रा करते हुए भगवान के दर्शन किए और आम लोगों के बीच पहुंचकर सभी को रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं. उनकी मौजूदगी से आयोजन का उत्साह और भी बढ़ गया. सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई इस भव्य रथ यात्रा ने एक बार फिर गोमो की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को जीवंत कर दिया."