झारखंड

चैनपुर अनुमंडल क्षेत्र के जारी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की पत्थर से कूचकर हत्या

राजन पाण्डेय/न्यूज 11 भारत  गुमला/डेस्क: जारी थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात हुई.दिन के करीब 12 बजे अज्ञात लोगों ने चटकपुर गांव निवासी 45 वर्षीय बसंत तिर्की की माथे पर वार कर हत्या कर दी.प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसंत तिर्की किसी काम से श्रीनगर गांव आए थे.हमलावरों ने उनके माथे पर पत्थर से वार किया.गंभीर रूप से घायल बसंत की मौके पर ही मौत हो गई.घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत जारी थाना को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शनि कुमार एवं एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है.थाना प्रभारी शनि कुमार ने कहा श्रीनगर गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली. मृतक की पहचान चटकपुर निवासी बसंत तिर्की,उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है.प्रथम दृष्टया माथे पर गहरी चोट के निशान हैं.हत्या किसने और क्यों की,इसकी जांच की जा रही है.जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्यारों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है.