राजगंज में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, 10–12 लाख की संपत्ति जलकर राख
न्यूज़ 11 भारत.
राजगंज /डेस्क : राजगंज थाना क्षेत्र के गोविंदाडीह स्थित नीचे टोला इमामबाड़ा के सामने गुरुवार को एक घर में अचानक आग लग गई. आग लगते ही घर के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि सभी सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस दौरान फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन टीम को मौके पर पहुंचने में करीब 3 से 4 घंटे की देरी हुई.
गृह स्वामी मुकताज अंसारी ने बताया कि आग लगने का कारण हाई टेंशन तार से हुआ शॉर्ट सर्किट है. इस घटना में करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. घर में रखा राशन, चावल, धान, खेती का सामान और डीजे का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया.
यह घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है. आग लगने के समय घर में मुकताज अंसारी, उनके पिता मजीद अंसारी, मां मुनवा बीबी, भाई कलीम अंसारी, अफसाना खातून, आसमा बीवी, मनोहर हुसैन, अहमद रजक सहित अन्य परिवार के सदस्य मौजूद थे. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है.
यह भी पढ़ें: गावां में जेसीबी ने बाइक को मारी टक्कर युवक गंभीर रूप से घायल, रेफर