भीम चूल्हा के पास जीप और टेंपू की आमने-सामने टक्कर, चालक समेत छह घायल, हुसैनाबाद से इलाज के बाद एक रेफर
संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदगंज–कादल कुर्मी मुख्य पथ पर भीम चूल्हा के समीप रविवार शाम जीप और टेंपू के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपू सड़क पर पलट गया. हादसे में टेंपू चालक धर्मेंद्र यादव समेत एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, टेंपू में सवार सभी लोग मोहम्मदगंज निवासी नक्कू यादव के परिजन थे, जो भीम चूल्हा घूमने जा रहे थे. इसी दौरान उंटारी रोड की ओर से आ रही भदुमा गांव की एक जीप से उनकी टक्कर हो गई. दुर्घटना में जीप चालक को भी मामूली चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नारायण सोरेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र यादव (20), ललिता देवी (18) और 8 वर्षीय युवराज कुमार को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेजा गया. इलाज के बाद युवराज कुमार को बेहतर उपचार के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.के. रवि ने 108 एम्बुलेंस के विलंब को देखते हुए अस्पताल की उपलब्ध एम्बुलेंस से तत्काल मरीज को मेदिनीनगर रवाना कराया. बताया जाता है की पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की छानबीन में जुट गयी है.
यह भी पढ़ें: देवरी में आदिवासी युवक की मौत चिकित्सीय सुविधा के अभाव में मौत के बाद भाकपा माले नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिया धरना