झारखंड

भरनो के नवाटोली पुल के पास भीषण सड़क हादसा, दो लोग गंभीर रूप से हुए घायल

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत गुमला/डेस्क: एनएच-23 रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर भरनो थाना क्षेत्र के नवाटोली पुल के समीप मंगलवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,जबकि अन्य यात्रियों को आंशिक चोटें आई हैं.प्राप्त जानकारी के अनुसार गुमला जिले के फौरी गांव से एक कार में सवार होकर कुछ लोग रांची की ओर जा रहे थे. वाहन में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे.इसी दौरान नवाटोली पुल के पास रात में वाहन चालक को झपकी आ गई, जिससे उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सड़क के डिवाइडर से जोरदार टकरा गई.

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.इस हादसे में फौरी गांव निवासी आरती कुमारी (26) और मनोहर एक्का (60) गंभीर रूप से घायल हो गए,जबकि वाहन में सवार अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं. दुर्घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर निकली भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची.एसआई रामजी बैठा ने पुलिस जवानों की मदद से तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया.

स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आरती कुमारी और मनोहर एक्का की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) रेफर कर दिया गया.इधर दुर्घटनाग्रस्त कार को भरनो थाना पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को और सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

यह भी पढ़ें: बांकुड़ा में चम्पाई सोरेन ने साधा TMC पर सीधा निशाना, कहा- 'राष्ट्रपति का अपमान करने वाली...'