झारखंड

देवघर के ठाड़ी दूलमपुर में भव्य कलश यात्रा, राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उमड़ा आस्था का सैलाब

शुभेंदु गुप्ता/न्यूज 11 भारत

देवघर/डेस्क: देवघर जिले के ठाड़ी दूलमपुर गांव में राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई. कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भाग लिया. ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ. कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला. महिलाएं पारंपरिक परिधान में सुसज्जित होकर कतारबद्ध तरीके से चल रही थीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक हो उठा. ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया.

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक रीति-रिवाजों के साथ आचार्यों द्वारा संपन्न कराई जाएगी. इसके साथ ही नौ दिनों तक चलने वाले धार्मिक अनुष्ठान में 18 पुराण और 4 वेदों का पाठ किया जाएगा. इस महाआयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार और सनातन परंपराओं का संरक्षण है.

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राष्ट्रीय संत दुर्गाचार्य जी महाराज का नौ दिवसीय कथा प्रवचन होगा. वे श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, संस्कार और सनातन संस्कृति के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे. आयोजकों के अनुसार कथा के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों की सजावट से पूरा इलाका उत्सव स्थल में तब्दील हो गया है. दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालु इस धार्मिक महोत्सव में शामिल होने पहुंच रहे हैं. प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. ठाड़ी दूलमपुर में आयोजित यह धार्मिक आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बन गया है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश दे रहा है. आगामी नौ दिनों तक यहां भक्ति और श्रद्धा की अविरल धारा बहती रहेगी.

यह भी पढ़ें: ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए गढ़वा DC ने जारी किया आदेश, शिकायतों से निपटने के लिए पदाधिकारी किए गए अधिकृत