झारखंड

एसबीआई ATM में छेड़छाड़ कर ग्राहकों को ठगने वाला शातिर पकड़ाया, ग्रामीणों ने दबोचा

न्यूज़11 भारत धनबाद/डेस्क: केंदुआ कुस्तौर दुर्गा मंदिर स्थित SBI एटीएम में छेड़छाड़ कर ग्राहकों का पैसा ठगने वाले एक शातिर युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर केंदुआडीह पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी की पहचान तेतुलमारी निवासी धीरज पासवान के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, कुस्तौर स्थित एसबीआई एटीएम में लगातार ग्राहकों का पैसा फंसने की शिकायत मिल रही थी. मंगलवार सुबह एक संदिग्ध युवक काफी देर से एटीएम के बाहर मंडराता हुआ देखा गया. इसी दौरान कुस्तौर नदी धौड़ा निवासी ग्राहक महफूज आलम पैसा निकालने के लिए एटीएम में गए, लेकिन उनका पैसा नहीं निकला और वे बाहर आ गए. ग्राहक के बाहर निकलने के तुरंत बाद वही युवक एटीएम के अंदर गया और मशीन से छेड़छाड़ कर पैसे निकालने लगा. यह देख आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ. स्थानीय लोगों ने युवक से पूछताछ की, लेकिन वह अपना सही नाम-पता बताने में टालमटोल करने लगा. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत केंदुआडीह पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने बताया कि आरोपी एटीएम के कैश आउटलेट पर एक छोटे चदरे का बॉक्स बनाकर उसमें काला टेप लगा बॉक्स बना देता था, जिससे ग्राहकों का पैसा वहीं फंस जाता था. ग्राहक के जाने के बाद वह आसानी से पैसे निकाल लेता था. पुलिस ने आरोपी के पास से किसी दूसरे व्यक्ति के नाम का एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है. आरोपी के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और ठगी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एटीएम में सुरक्षा गार्ड की तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की ठगी की घटनाओं पर रोक लग सके. ये भी पढ़ें- होली के बाद काम पर लौटने वाले रेल यात्री कृपया ध्यान दें, यहां देखिये आपको किस ट्रेन में मिलेगा आरक्षित टिकट