झारखंड

सेवइयां दुकान विवाद ने लिया हिंसक रूप, शहीद चौक बना रणक्षेत्र; प्रशासन की सख्ती और शांति पहल से टला बड़ा संकट

मुमताज अहमद/न्यूज11  भारत 

खलारी/डेस्क:  खलारी प्रखंड के हृदयस्थल माने जाने वाले शहीद चौक में सेवइयां की दुकान लगाने को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद बुधवार की देर रात हिंसक टकराव में बदल गया. खुटा गाड़ने और दुकान लगाने के अधिकार को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन देर रात यह विवाद इतना उग्र हो गया कि शहीद चौक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल कायम हो गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे खलारी कोयलांचल क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों को पुलिस छावनी में तब्दील करना पड़ा.

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मुस्लिम समुदाय का पवित्र माहे रमजान शुरू हो चुका है और होली का पर्व भी निकट है. ऐसे संवेदनशील समय में हुई इस घटना ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी थी. हालांकि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय पहल से स्थिति को बिगड़ने से बचा लिया गया.

खूंटा गाड़ने के विरोध से भड़की चिंगारी, रात में भड़की हिंसा

मिली जानकारी के अनुसार शहीद चौक में एक व्यक्ति द्वारा रमजान के मद्देनजर सेवइयां की दुकान लगाने की तैयारी की जा रही थी. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने चौक पर खुटा गाड़ने और दुकान लगाने पर आपत्ति जताई. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई.

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था और लगा कि विवाद खत्म हो गया है. लेकिन देर रात अचानक दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के लोग उग्र हो गए और एक-दूसरे पर हमला करने लगे.

घटना के दौरान चौक पर अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. कई दुकानदारों ने भय के कारण अपनी दुकानें बंद कर दीं. रात के सन्नाटे में अचानक उत्पन्न इस हिंसक माहौल ने पूरे इलाके को दहला दिया.

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत, चौक-चौराहों पर पसरा सन्नाटा

मारपीट की घटना के बाद पूरे खलारी क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया. शहीद चौक, जो सामान्य दिनों में देर रात तक गुलजार रहता है, वहां सन्नाटा पसर गया. लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं फैलने लगीं.

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी.

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ खलारी

घटना की सूचना मिलते ही खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी, थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो तथा अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार अम्बष्ट भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे.

अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. इसके साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए शहीद चौक सहित खलारी के सभी संवेदनशील चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई.

पूरे क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त शुरू कर दी गई. एहतियात के तौर पर खलारी कोयलांचल क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. पुलिस की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा की भावना तो बनी, लेकिन घटना की गंभीरता का अंदाजा भी साफ हो गया.

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

मामला तुल पकड़ता देख प्रबुद्ध जनों की बैठक, गंगा जमुनी तहजीब व्यवस्था भंग करने वालों पर कार्रवाई 

घटना की गंभीरता तथा रमजान और होली जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को देखते हुए गुरुवार को खलारी प्रखंड कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कांके विधायक ने की.

बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुश्ताक आलम, धर्मेंद्र सिंह, जुल्फेकार आलम, रोशन तिग्गा, डीएसपी रामनारायण चौधरी, बीडीओ सह सीओ प्रणव कुमार अम्बष्ट, मजदूर नेता अब्दुल्ला अंसारी, जामा मस्जिद के फैयाजुद्दीन सिद्दीकी सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बुद्धिजीवी मौजूद थे.

विधायक ने कहा – खलारी की पहचान है गंगा-जमुनी तहजीब

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि खलारी क्षेत्र हमेशा से आपसी भाईचारा और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है. उन्होंने कहा कि एक छोटी सी घटना को बड़ा बनाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी.उन्होंने दोनों पक्षों से संयम बरतने और आपसी संवाद के माध्यम से विवाद सुलझाने की अपील की.

बीडीओ ने लगाई कड़ी फटकार, दी सख्त चेतावनी

बीडीओ सह सीओ प्रणव कुमार अम्बष्ट ने दोनों पक्षों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि खलारी की सामाजिक गरिमा और प्रतिष्ठा को किसी भी हालत में ठेस नहीं पहुंचने दी जाएगी.

उन्होंने कहा कि चौक-चौराहे सार्वजनिक स्थल हैं और वहां किसी भी प्रकार का विवाद पूरे क्षेत्र की छवि को खराब करता है.

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी ने दंगा भड़काने, अफवाह फैलाने या भाईचारा बिगाड़ने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन के साथ सहयोग करना सभी नागरिकों का कर्तव्य है.

डीएसपी बोले – माहौल बिगाड़ने वालों की खैर नहीं

डीएसपी रामनारायण चौधरी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

उन्होंने कहा कि खलारी में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा.

गले मिलकर खत्म हुआ विवाद, भाईचारा कायम रखने का संकल्प

बैठक का सबसे सकारात्मक पहलू यह रहा कि दोनों पक्षों के लोगों ने आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे से गले मिले और हाथ मिलाकर भाईचारा कायम रखने का संकल्प लिया.

दोनों पक्षों ने माना कि यह विवाद आपसी गलतफहमी के कारण हुआ था और भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी.

लोगों ने कहा कि खलारी की पहचान आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता है और इसे हर हाल में बनाए रखा जाएगा.

जातीय और साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश पर चिंता

बैठक में इस बात पर भी चिंता जताई गई कि कुछ लोग इस घटना को जातीय और साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. प्रबुद्ध नागरिकों ने कहा कि ऐसे तत्व समाज के लिए खतरा हैं और उनसे सतर्क रहने की जरूरत है.

प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा संकट, स्थिति सामान्य

फिलहाल के खलारी क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस लगातार गश्त कर रही है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की संयुक्त पहल से एक संभावित बड़े विवाद को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया.

अब खलारी एक बार फिर अपने मूल स्वरूप — भाईचारा, सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब बहाल.

यह भी पढ़ें: बहरागोड़ा सड़क दुर्घटना में एक महिला सहित तीन घायल, माटिहाना फ्लाईओवर के समीप हुई दुर्घटना