बहरागोड़ा कॉलेज परिसर में प्रेमी-प्रेमिका के बीच विवाद, युवक ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश
गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा कॉलेज परिसर में गुरुवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के सामने ही जहर (यूरिया) खा लिया. आनन-फानन में कॉलेज प्रबंधन ने मानवता का परिचय देते हुए युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, विजय मांडी (18 वर्ष) जो 'पीएम श्री खंडामौदा ओड़िया उच्च विद्यालय' में इंटरमीडिएट का छात्र है, गुरुवार को अपनी प्रेमिका से मिलने बहरागोड़ा कॉलेज आया था. उसकी प्रेमिका इसी कॉलेज की छात्रा है. कॉलेज परिसर में ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर काफी देर तक बहस और नोकझोंक होती रही.
बैग से निकालकर खा लिया जहर
विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर विजय ने अपने बैग से यूरिया निकाला और उसे खा लिया. जहर खाने के कुछ ही देर बाद वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा. घटना को देख कॉलेज में मौजूद छात्र और कर्मचारी सकते में आ गए.अस्पताल में भर्ती, स्थिति नाजुक:-
कॉलेज प्रबंधन ने बिना देर किए घायल युवक को बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया. जिसके बाद परिजनों द्वारा उसे बेहतर इलाज के लिए बारीपदा ले जाया गया है.