लोहरदगा में पत्ता तोड़ने गए दंपति पर अचानक भालू ने किया हमला, एक ग्रामीण हुआ गंभीर रूप से घायल
न्यूज11 भारत लोहरदगा/डेस्क: लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंडोबार गांव के हड़हा-मड़हा पहाड़ में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक जंगली भालू ने दंपति पर हमला कर दिया. इस घटना में बोंडोबार निवासी कंदरू नगेसिया पिता स्व बंदे नगेसिया गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी बिफनी नगेसिया बाल-बाल बच गईं. जानकारी के अनुसार दंपति पहाड़ पर पत्ता तोड़ने गए थे. इसी दौरान झाड़ियों से अचानक एक भालू निकल आया और उन पर हमला कर दिया. हमले के दौरान बिफनी नगेसिया पास में मौजूद पत्थरों के पीछे छिप गईं, जिससे भालू उन तक नहीं पहुंच सका. वहीं कंदरू नगेसिया भालू के हमले की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने किसी तरह घायल कंदरू नगेसिया को जंगल से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सक डॉ. निकिता बोदरा ने उनका प्राथमिक उपचार किया. घायल के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं.घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू और अन्य जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों पर रोक लगाने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है. वहीं वन विभाग की टीम भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Final: RCB ने जीता टॉस, GT को दिया बल्लेबाजी का न्योता