रील बनाने की लत बनी लड़के की मौत की वजह, वीडियो बनाने के चक्कर में छुई ट्रेन के ऊपर से गुजरी 25,000 वोल्ट की तार
न्यूज11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड के बोकारो जिले से एक बड़ी खबर निकल के सामने आई है. सोशल मीडिया पर रील बनाने की लत ने एक लड़के की मौत की वजह बन गई. बताया जा रहा है कि बालीडीह थाना क्षेत्र के रेलवे गुड्स साइडिंग एन केबिन के पास रविवार को हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक लड़के की मौत हो गई है. वहीं उसका साथी बुरी तरह से झुलस गया. प्रत्यक्षदर्शियों के द्वारा घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, बारी को-ऑपरेटिव कॉलोनी में रहने वाले दोस्तों का ग्रुप आज (29 मार्च) मस्ती करने और वीडियो बनाने के उद्देश्य से रेलवे साइडिंग गए थे. ग्रुप के बाकी लड़के जमीन पर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो शूट कर रहे थे. इसी दौरान, रोमांच के चक्कर में दो लड़के कौशिक शर्मा (16 वर्ष) और अभिमन्यु (16 वर्ष) पठरी पर खड़ी एक मालगाड़ी की छत पर चढ़ गए और पोज देकर फोटो क्लिक कराने लगे. पोज देते समय जैसे ही दोनों ने अपने हाथ ऊपर उठाए, वे ऊपर से गुजर रहे 25,000 वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तार के चपेट में आ गए. देखते ही देखते एक जोरदार धमाका हुआ और नीली चिंगारियों के साथ दोनों किशोर बुरी तरह झुलस कर नीचे गिर पड़े. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सभी लोगों ने इस घटना की जानकारी रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस को दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों की मदद से दोनों लड़के को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कौशिक शर्मा को मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरे लड़के की हालत नाजुक बताई जा रही है. वह आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहा है. यह भी पढ़ें: राजधानी में ड्रग्स पर पुलिस का सख्त एक्शन, मॉल ऑफ रांची के LOD बार में छापेमारी