जमीन विवाद को लेकर करनी रोड़ में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल, रेफर
बिजेश सिन्हा/न्यूज़11 भारत इटखोरी/डेस्क: इटखोरी के करनी रोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट की घटना हो गई. घटना शनिवार शाम की है. इस घटना में परोका गांव के रंजीत राणा, रंजय राणा, रणवीर राणा और इन तीनों के पिता प्रयाग राणा गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं दूसरे पक्ष के करनी गांव निवासी शंकर ठाकुर और राजेश ठाकुर भी घायल हुए हैं. इन दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों के सर पर गंभीर रूप से चोटें आई हैं. घटना के बाद इसकी जानकारी इटखोरी पुलिस को दी गई. पुलिस ने सभी घायलों को इटखोरी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें गहन चिकित्सा के लिए इन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है. इस घटना में परोका गांव के तीन महिलाओं को भी आंशिक रूप से चोटें आई है. जिनका इलाज इटखोरी अस्पताल में चल रहा है. घटना के संबंध में बताया गया है कि इनमें एक पक्ष के लोग उक्त जमीन पर बाउंड्री वॉल का कार्य कर रहे थे, इसी बीच दूसरे पक्ष वहां आ धमके, इसके बाद पहले तू तू में में हुई इसके बाद लाठी, डंडे इत्यादि से खुनी संघर्ष शुरू हो गया.