भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने चान्हो में घटनास्थल का दौरा कर ली मामले की विस्तृत जानकारी
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा गठित सात सदस्यों की टीम ने चान्हो स्थित घटनास्थल का दौरा कर वर्ग विशेष द्वारा एक हिंदू परिवार के साथ घर में घुसकर हुए मारपीट मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा के नेतृत्व में गठित यह टीम रांची के चान्हो थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमटोली गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से मिलकर उनके साथ वर्ग विशेष के द्वारा की गई ज्यादती के संबंध में पूरी जानकारी हासिल की. घटनास्थल का दौरा करने वाली यह टीम मामले की तमाम पहलुओं से प्राप्त जानकारी से एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही उसे प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को सुपुर्द करेगी.
इस संबंध में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाना दुखद और शर्मनाक है. हत्या के प्रयास का मामला होने के बावजूद उस धारा में मुकदमा दर्ज नहीं किया जाना, पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल है. पुलिस प्रशासन सरकार के इशारे पर वर्ग विशेष से जुड़े दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है. यह सरकार तुष्टिकरण की राजनीति से प्रेरित होकर कार्य कर रही है. जब से राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार बनी है एक वर्ग विशेष का मनोबल बढ़ा हुआ है. प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में इस प्रकार की घटनाएं लगातार घटती रही है. सरकार और प्रशासन को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए. परंतु सरकार और प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों में वर्ग विशेष के पक्ष में प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष कार्यवाई करना सबसे दुखद है.
नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि इस क्षेत्र में पीड़ित परिवार का सिंगल घर है. सिंगल घर होने के कारण वर्ग विशेष के लोगों के द्वारा उनके घर में घुसकर मारपीट किया गया. उक्त घटना में महिला एवं बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं. पूरा परिवार दहशत में है. आरोपियों द्वारा लगातार धमकी भी पीड़ित परिवार को दी जा रही है. इस परिवार पर कुछ माह पूर्व भी पथराव किया गया था. पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपियों द्वारा उन्हें गो मांस खिलाने की भी धमकी दी गई.
नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि अब तक इंज्यूरी रिपोर्ट नहीं मिलने की बात कहकर पुलिस मामले में टाल मटोल का रवैया अपना रही है. पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए. सभी दोषियों को पुलिस तुरंत गिरफ्तार करे और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, यह प्रशासन सुनिश्चित करे. दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर पार्टी आंदोलन को बाध्य होगी. जहां कहीं भी इस प्रकार की घटना होगी, वहाँ पीड़ित परिवार के साथ बीजेपी खड़ी मिलेगी. इस दौरान नीलकंठ सिंह मुंडा के साथ पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, पूर्व विधायक जीतू चरण राम, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय जयसवाल, रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और पूर्व प्रत्याशी सन्नी टोप्पो भी मौजूद थे.