सिमडेगा में चलाई गई 90 दिवसीय जागरूकता अभियान, दी गई कानूनी जानकारी
न्यूज11 भारत सिमडेगा/डेस्क: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार सिमडेगा के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को मंडलकारा में बंदियों के बीच कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में डिप्टी एलएडीएस अधिवक्ता बृखभान अग्रवाल एवं पैनल अधिवक्ता ओंकारनाथ ने जेल में रह रहे बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं. उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है,ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे. अधिवक्ताओं ने बंदियों को यह भी जानकारी दी कि वे अपने मामलों में विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं तथा न्यायिक प्रक्रिया के दौरान उन्हें किन अधिकारों का लाभ मिलता है. कार्यक्रम के दौरान बंदियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उन्हें आवश्यक कानूनी परामर्श दिया गया.
इस अवसर पर पीएलवी अजीत केरकेट्टा,मंडलकारा अधीक्षक भी उपस्थित रहे. वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से लीगल एड प्राप्त करने के इच्छुक बंदियों का आवेदन फॉर्म भी भरवाया गया. सचिव मरियम हेमरोम ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि बंदियों को कानून के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें न्यायिक सहायता से जोड़ना था,ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकें.
यह भी पढ़ें: Champai Soren बोले: ट्रेजरी घोटाले की ED जांच का स्वागत, चारा घोटाले से बड़ा हो सकता है मामला