झारखंड

एकलव्य विद्यालय बसिया के 8 छात्रों का 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के लिए चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर

नीरज कुमार साहू/न्यूज11  भारत

बसिया/डेस्क: राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बसिया के छात्रों ने एक बार फिर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है. विद्यालय के कक्षा 10 के आठ छात्रों का चयन देश भर में स्थापित 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में इंजीनियरिंग की निःशुल्क कोचिंग के लिए हुआ है. ​इस सफलता पर विद्यालय परिवार और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है. ​ इन छात्रों का हुआ चयन 

​सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए चयनित मेधावी छात्रों में उमेश उराँव, आकाश उराँव, अमित उराँव, आनंद उराँव, गंगा उराँव, पॉल जैक्सन केरकेट्टा, रुस्तम उराँव तथा संदीप उराँव शामिल हैं. ये छात्र अब आवासीय व्यवस्था के तहत रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करेंगे. ​ लगातार दूसरे वर्ष विद्यालय का शानदार प्रदर्शन 

​विद्यालय की इस उपलब्धि का सिलसिला पिछले वर्ष से ही जारी है. ज्ञात हो कि गत वर्ष भी विद्यालय के दो छात्रों, अलोक उराँव तथा दिनेश उराँव का चयन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए हुआ था. ये दोनों छात्र वर्तमान में चनकापुर (महाराष्ट्र) स्थित सेंटर में रहकर इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे हैं. ​ शिक्षाको ने दी बधाई 

​आठ छात्रों की इस बड़ी सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार सिंह, निरीक्षक अखिलेश कुमार एवं ओम प्रकाश सिन्हा तथा विद्या विकास समिति के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा ने सभी सफल छात्रों को हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी. ​ गौरतलब है कि जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की यह पहल जनजातीय बच्चों के सपनों को उड़ान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, जिससे ग्रामीण अंचल के बच्चे भी अब इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपना भविष्य संवार रहे हैं.

यह भी पढ़ें: टाटा-रांची मुख्य मार्ग NH33 में कभी भी हो सकती है सड़क दुर्घटना, वनडे की स्थिति बढ़ा रही दुर्घटना की सम्भावना