झारखंड

नीलांबर-पितांबरपुर में दलितों की 50 एकड़ जमीन पर कब्जा, पांकी विधायक से न्याय की गुहार

न्यूज11 भारत पलामू/डेस्क: पलामू जिले के नीलांबर-पितांबरपुर प्रखंड अंतर्गत सोतम डबरा गांव में दलित परिवारों की करीब 50 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जे का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है. इस घटना से आक्रोशित दर्जनों ग्रामीणों ने पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता से मुलाकात कर उन्हें एक लिखित आवेदन सौंपा और न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की है. ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि राकेश रंजन उर्फ मुकेश पांडेय नामक व्यक्ति ने फर्जी जमाबंदी के सहारे उनकी पुश्तैनी जमीन को हड़प लिया है और उस पर धड़ल्ले से निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है. 

पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने इस अवैध कब्जे का विरोध किया, तो उन्हें न केवल डराया-धमकाया गया बल्कि उनके साथ मारपीट भी की गई. इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की है कि वर्ष 2025 में दुर्गा पूजा के लिए निर्धारित जमीन पर भी कब्जा कर लिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी असंतोष है.

मामले की संवेदनशीलता और ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क साधा. विधायक ने फोन पर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विवादित स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य को अविलंब रोका जाए ताकि स्थिति और न बिगड़े. इस संबंध में अंचल अधिकारी (सीओ) कृष्ण तिर्की ने बताया कि विधायक के हस्तक्षेप और मामले की जांच के बाद संबंधित जमीन पर चल रहे काम को रुकवा दिया गया है. 

अंचल अधिकारी ने यह भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की कि इस जमीन के म्यूटेशन हेतु आवेदन किया गया था, लेकिन आवश्यक और वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने के कारण म्यूटेशन को काफी समय पहले ही रद्द किया जा चुका है. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रहा है.

यह भी पढ़ें: अक्षय तृतीया से पहले सोने सी चमकी रांची की मार्केट, लोग करा रहे एडवांस बुकिंग