2017 बैच के IPS विनीत कुमार को जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड में प्रोन्नति, अधिसूचना जारी
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी विनीत कुमार को जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड में पदोन्नति प्रदान की है. विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उन्हें पे-मैट्रिक्स के लेवल-12 में प्रोन्नत किया गया है. चूंकि विनीत कुमार वर्तमान में राज्य से बाहर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं, इसलिए उन्हें 'प्रोफार्मा प्रोन्नति' दी गई है, जिससे उनकी सेवा से संबंधित वरिष्ठता और अन्य लाभ सुरक्षित रहेंगे. यह निर्णय 2017 बैच के ही आईपीएस अधिकारी हारिश बिन जमां को पूर्व में दी गई पदोन्नति के आलोक में लिया गया है, ताकि विनीत कुमार की वरिष्ठता प्रभावित न हो. सरकार ने पदोन्नति के साथ एक महत्वपूर्ण शर्त भी जोड़ी है. अधिसूचना के अनुसार, विनीत कुमार को अपने अगले उपलब्ध स्लॉट में मिड कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (Phase-III) अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा. विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह प्रोन्नति सेवा नियमों के अनुरूप प्रदान की गई है. ये भी पढ़ें- डोरंडा सड़क दुर्घटना मामला: झारखंड हाईकोर्ट ने अधिवक्ता मनोज टंडन के खिलाफ जांच पर लगाई रोक