मुखिया जी होटल से बिहार भेजी जा रही 18 पेटी अवैध शराब और बीयर बरामद, तस्कर फरार
न्यूज़11 भारत चौपारण/डेस्क: चौपारण थाना क्षेत्र के भगहर पंचायत में स्थित मुखिया जी होटल से पुलिस ने 18 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है. पुलिस को देखते ही तस्कर मौके से फरार हो गए. चौपारण पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भगहर पंचायत में मुखिया जी होटल में अवैध शराब रखकर बिहार भेजने की तैयारी की जा रही है.
सूचना पर थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल पर छापेमारी की. पुलिस टीम को देखते ही होटल में मौजूद तस्कर सामान छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने तुरंत होटल की तलाशी ली. तलाशी के दौरान वहां से 18 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई. बरामद शराब को बिहार भेजने की तैयारी थी.
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि "हमें सूचना मिली थी कि यहां से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है. छापेमारी में 18 पेटी शराब और बीयर बरामद हुई है. तस्करों की पहचान की जा रही है. शराब तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा." पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस होटल संचालक से भी पूछताछ कर रही है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है. उनका कहना है कि इलाके में अवैध शराब की बिक्री से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही थी.