गावां में सड़क किनारे फेंकी मिली 10 माह की मासूम बच्ची, इलाज के बाद चाइल्ड केयर को सौंपा गया
संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत गावां/डेस्क: गिरीडीह के गावां थाना क्षेत्र के गावां-नवादा पथ पर मंझने के समीप सड़क किनारे एक लगभग 10 माह का मासूम बच्चा लावारिस हालत में मिला. बताया जाता है कि बच्चे को एक छोटी चादर पर सुलाकर छोड़ दिया गया था. उसके पास दूध की एक बोतल भी रखी हुई थी, जबकि परिजन मौके से गायब थे.
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना गावां थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गावां पहुंचाया.
अस्पताल में जांच के दौरान बच्चे को बार-बार मिर्गी के दौरे पड़ रहे थे, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया. प्रभारी चिकित्सक डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि बच्चे में मिर्गी के लक्षण पाए गए, वहीं उसके पैर में पोलियो जैसे लक्षण भी दिखाई दिए. आवश्यक उपचार के बाद बच्चे की स्थिति में सुधार हुआ.
इसके बाद गिरिडीह से पहुंचे चाइल्ड केयर टीम के सदस्यों को बच्चे को विधिवत सौंप दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा बच्चे के परिजनों की तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें: स्वच्छता और हरित पहल में लातेहार का नाम रोशन, चंदवा का तुरीसोत विद्यालय का राष्ट्रीय स्तर पर चयन