केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने किया स्वीकार
न्यूज़11 भारत नई दिल्ली/डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार में रेल राज्य मंत्री रहे रवनीत सिंह बिट्टू ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है. राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा स्वीकार किया गया है और यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.
गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो गया था. इसके बाद 18 जून को हुए राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया था. हालांकि, राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी वह केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बने हुए थे. अब उनके इस्तीफे को मंजूरी मिलने के साथ ही केंद्र सरकार में रेल राज्य मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया है.