देश-विदेश

इंडिगो फ्लाइट्स रद्द होने पर रेलवे एक्शन मोड में, 37 ट्रेनों में बढ़ाए 116 कोच, स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन शुरू

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: देशभर में लगातार हो रही इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन से यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गई थी. हजारों लोग एयरपोर्ट पर फंसे थे और अहम रूट्स पर सीट मिलना मुश्किल हो गया था. इस स्थिति को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया हैं. रेलवे ने जहां कई रूट्स पर 37 प्रीमियम ट्रेनों में 116 अतिरिक्त कोच जोड़ दिए, वहीं अहमदाबाद से दिल्ली के बीच विशेष सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया हैं.

साबरमती-दिल्ली के बीच सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन शुरू पश्चिम रेलवे के मुताबिक ट्रेन संख्या 09497/09498 साबरमती-दिल्ली जंक्शन सुपरफास्ट स्पेशल कुल चार फेरों के लिए संचालित की जाएगी. अहमदाबाद से दिल्ली के बीच यात्रियों की भारी संख्या और वैकल्पिक यात्रा साधन न मिल पाने की स्थिति को देखते हुए, पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) के तहत इस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन को चलाने का निर्णय लिया हैं.

ट्रेन संख्या 09497 (साबरमती-दिल्ली स्पेशल) यह ट्रेन 7 और 9 दिसंबर 2025 को साबरमती से रात 22.55 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 15.15 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी.

ट्रेन संख्या 09498 (दिल्ली-साबरमती स्पेशल) यह ट्रेन 8 और 10 दिसंबर 2025 को दिल्ली जंक्शन से रात 21:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 12:20 बजे साबरमती पहुंचेगी. दोनों दिशाओं में यह स्पेशल ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबूरोड, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, जयपुर, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर ठहराव देगी. ट्रेन में एसी 3-टियर कोच उपलब्ध रहेंगे.

यह स्पेशल ट्रेन कुल 925 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. साबरमती से दिल्ली की ओर यात्रा समय लगभग 16 घंटे 20 मिनट, जबकि दिल्ली से साबरमती की ओर करीब 15 घंटे 20 मिनट होगा. रेलवे का कहना है कि फ्लाइट रद्द होने जैसी अचानक परिस्थितियों में यह सेवा यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और समय पर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी. ट्रेन संख्या 09497 की बुकिंग आज 6 दिसंबर 2025 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू हो रही हैं.  रेलवे ने बताया कि रूट, ठहराव, समय और कोच व्यवस्था से जुड़ी विस्तृत जानकारी www.enquiry.indianrail.gov.in पर उपलब्ध कराई गई हैं.

रेलवे ने 37 प्रीमियम ट्रेनों में बढ़ाए 116 कोच न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, देशभर में बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द होने के बाद यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय रेल ने 37 प्रीमियम ट्रेनों में 116 अतिरिक्त कोच शामिल किए हैं. ये कोच देश के अलग–अलग हिस्सों में चलने वाली ट्रेनों की 114 अतिरिक्त ट्रिप्स में लगाए गए हैं.

रेल मंत्रालय का कहना है कि सबसे अधिक कोच साउदर्न रेलवे (SR) ने जोड़े है, जिसने 18 ट्रेनों में क्षमता बढ़ाई हैं. मंत्रालय के बयान में बताया गया कि उच्च मांग वाले रूट्स पर अतिरिक्त चेयर कार और स्लीपर कोच शामिल किए गए हैं. 6 दिसंबर 2025 से लागू यह बढ़ोतरी दक्षिण भारत के यात्रियों के लिए सीटों की उपलब्धता में बड़ी मदद करेगी. वहीं, नॉर्दर्न रेलवे (NR) ने भी 8 ट्रेनों में 3AC और चेयर कार कोच जोड़कर क्षमता बढ़ाई है, जिससे उत्तर भारत के व्यस्त रूट्स पर सीटें मिलने में आसानी होगी.

मंत्रालय के अनुसार, वेस्टर्न रेलवे (WR) ने भी चार प्रमुख हाई-डिमांड ट्रेनों में 3AC और 2AC कोच जोड़कर क्षमता बढ़ाई हैं. यह बदलाव 6 दिसंबर से लागू होगा और पश्चिमी क्षेत्रों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के दबाव को कम करने में उपयोगी साबित होगा. अधिकारियों ने बताया कि ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) ने राजेंद्र नगर–नई दिल्ली (12309) ट्रेन की क्षमता बढ़ाने के लिए 6 से 10 दिसंबर 2025 के बीच पांच ट्रिप्स में अतिरिक्त 2AC कोच लगाए है, जिससे बिहार–दिल्ली सेक्टर में यात्रा सुविधा बेहतर होगी.

इसके अलावा, ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECOR) ने भुवनेश्वर–नई दिल्ली रूट पर (ट्रेन संख्या 20817/20811/20823) पांच ट्रिप्स में 2AC कोच जोड़कर ओडिशा और राजधानी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी मजबूत की हैं. मंत्रालय ने बताया कि ईस्टर्न रेलवे (ER) ने भी तीन प्रमुख ट्रेनों में कोच वृद्धि की है और 7 और 8 दिसंबर को छह ट्रिप्स में स्लीपर क्लास कोच शामिल किए है ताकि क्षेत्रीय और इंटर-स्टेट यात्रा मांग को पूरा किया जा सके. प्रेस नोट में कहा गया कि नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) ने भी दो महत्वपूर्ण ट्रेनों में 6 से 13 दिसंबर 2025 के बीच आठ-आठ ट्रिप्स के दौरान 3AC और स्लीपर कोच जोड़कर पूर्वोत्तर राज्यों के यात्रियों की निर्बाध यात्रा सुनिश्चित की हैं. इन बढ़ोतरी उपायों के साथ भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए चार स्पेशल ट्रेन सेवाएं भी शुरू की हैं.

अधिकारियों ने बताया कि गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर स्पेशल (05591/05592) 7 से 9 दिसंबर के बीच चार ट्रिप्स में चलाई जाएगी. वहीं नई दिल्ली-मार्टियर कैप्टन तुषार महाजन-नई दिल्ली वंदे भारत स्पेशल (02439/02440) 6 दिसंबर को चलेगी और जम्मू क्षेत्र के लिए तेज तथा आरामदायक यात्रा का विकल्प देगी. पश्चिम दिशा में बढ़ी हुई मांग के कारण नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली सुपरफास्ट स्पेशल (04002/04001) को 6 और 7 दिसंबर को संचालित किया जाएगा. इसके अलावा मंत्रालय ने बताया कि हजरत निजामुद्दीन-तिरुवनंतपुरम सेंट्रल सुपरफास्ट स्पेशल (04080) को 6 दिसंबर को एकतरफा सेवा के रूप में चलाया जाएगा, ताकि दक्षिण भारत के लिए लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिल सके.

यह भी पढ़े: Jharkhand Weather: पछुआ हवा ने बिगाड़ा खेल, झारखंड में शीतलहर का डबल अटैक.. रांची का पारा लुढ़कने को तैयार