देश-विदेश

Under-19 World Cup 2026: भारत ने जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026, फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराया

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. जिम्बाब्वे की राजधानी हरारे में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रनों से मात देकर छठी बार अंडर-19 स्तर पर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक शतकीय पारी और भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने इस जीत की नींव रखी.  पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित ओवरों में 411 रन बनाए. यह अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है. वैभव सूर्यवंशी ने महज 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे. उनके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया, जिससे भारत विशाल स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा. लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत लड़खड़ाती रही और टीम ने 177 रन तक सात विकेट गंवा दिए. हालांकि, कैलब फैल्कनर ने संघर्षपूर्ण अंदाज में शतक जड़ते हुए इंग्लैंड को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की. उन्होंने 67 गेंदों में 115 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके. अंततः इंग्लैंड की पूरी टीम 311 रन पर सिमट गई और 28 साल से चले आ रहे उसके खिताबी सूखे को खत्म करने का सपना अधूरा रह गया. छठी बार चैंपियन बना भारत इस जीत के साथ भारत ने सबसे ज्यादा बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने का अपना ही रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया है. भारत अब छह बार इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को जीत चुका है. इस सूची में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने चार बार खिताब अपने नाम किया है. भारत इससे पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन बन चुका है. कप्तान आयुष म्हात्रे की अगुआई में मिली इस जीत ने उन्हें भी इतिहास के पन्नों में खास जगह दिला दी है.  वैभव सूर्यवंशी बने जीत के नायक भारत की इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायक वैभव सूर्यवंशी रहे. उन्होंने फाइनल में केवल 55 गेंदों में शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल इतिहास का सबसे तेज शतक है. इसके बाद उन्होंने 71 गेंदों में 150 रन पूरे किए और अंततः 80 गेंदों में 175 रन की तूफानी पारी खेलकर मुकाबले को पूरी तरह भारत के पक्ष में झुका दिया. उनकी इस पारी ने फाइनल में दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर पैदा किया और भारत को एक यादगार जीत दिलाई. ये भी पढ़ें- SAFF अंडर-19 फाइनल: देश के लिए मैदान में उतरेंगी झारखंड की बेटी दिव्यानी लिंडा