नहीं रहे रेमंड के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया, 87 वर्ष की उम्र में निधन
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: रेमंड ग्रुप के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया का 87 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया. उनके निधन की खबर सामने आते ही देशभर के उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई. वे न केवल एक सफल उद्योगपति थे, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्व और सामाजिक योगदान के लिए भी जाने जाते थे.
उनके बेटे और Raymond Group के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस दुखद खबर की पुष्टि की. परिवार के अनुसार, उनकी अंतिम श्रद्धांजलि सभा आज 29 मार्च, 2026 को दोपहर 1:30 बजे एलडी रुपारेल मार्ग स्थित हवेली में आयोजित की जाएगी, जिसके बाद दोपहर 3:00 बजे चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार होगा.
पद्म भूषण से सम्मानित, कई भूमिकाओं में रहे सक्रिय विजयपत सिंघानिया को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से नवाजा गया था. वे बॉम्बे के पूर्व शेरिफ भी रह चुके थे, जो उनके सामाजिक और प्रशासनिक योगदान को दर्शाता हैं. इसके अलावा वे एयर कमोडोर के पद से भी जुड़े रहे और एविएशन के क्षेत्र में भी उनकी खास पहचान थी. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने रेमंड ग्रुप को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. उनके नेतृत्व में कंपनी ने न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मजबूत पहचान बनाई. कपड़ा उद्योग में उनकी रणनीति और दृष्टिकोण ने रेमंड को एक ग्लोबल ब्रांड के रूप में स्थापित किया.
रोमांच के शौकीन, हॉट एयर बैलूनिंग में बनाए रिकॉर्ड व्यवसाय के अलावा विजयपत सिंघानिया को रोमांचक गतिविधियों का भी शौक था. वे एक प्रशिक्षित पायलट थे और हॉट एयर बैलूनिंग में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. उनका यह जुनून उन्हें अन्य उद्योगपतियों से अलग बनाता था. सिंघानिया परिवार ने उन्हें एक दूरदर्शी नेता, परोपकारी और प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताया. शोक संदेश में भगवद गीता के श्लोक “कर्मण्येवाधिकारस्ते…” का उल्लेख करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई.