बालेंद्र शाह ने नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री के रूप में ली शपथ, देश के सबसे युवा PM बनें
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: नेपाल की राजनीति में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है. रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह ने देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली है. 35 वर्षीय बालेंद्र शाह अब नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री बन गए हैं, जिसे देश की राजनीति में नई दिशा के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने हाल ही में हुए संसदीय चुनावों में लगभग दो-तिहाई बहुमत के साथ जीत हासिल की थी. इसके बाद पार्टी ने शाह को संसदीय दल का नेता चुना, जिससे उनके प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हुआ. संविधान के अनुच्छेद 76(1) के तहत नियुक्ति के बाद बालेंद्र शाह नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री बने. शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने सांसद के रूप में भी शपथ ली थी. प्रधानमंत्री बनने के बाद अपने पहले संदेश में बालेंद्र शाह ने युवाओं को केंद्र में रखा. उन्होंने कहा कि देश के विकास और निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है और अब समय आ गया है कि वे आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभालें. उन्होंने एकता, बदलाव और नई सोच पर जोर देते हुए सभी से मिलकर काम करने की अपील की. खास बात यह रही कि शाह ने अपना पहला सार्वजनिक संदेश एक रचनात्मक अंदाज में रैप गीत के जरिए साझा किया, जो उनकी अलग पहचान को भी दर्शाता है. बालेंद्र शाह का सफर पारंपरिक राजनीति से हटकर रहा है. एक रैपर के रूप में लोकप्रियता हासिल करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अब प्रधानमंत्री पद तक पहुंचकर नई पीढ़ी के नेताओं के लिए एक मिसाल पेश की है. उनकी जीत को नेपाल में युवाओं के बढ़ते प्रभाव और बदलाव की चाह के रूप में देखा जा रहा है. अब देश की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वे अपने वादों को किस तरह लागू करते हैं और नेपाल को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं. ये भी पढ़ें- ADR Report: वित्तीय वर्ष 2024-25 में BJP को मिला 6074 करोड़ रुपए का चंदा, कांग्रेस को 517.39 करोड़ का डोनेशन