सोन नदी में नहाने गए पांच बच्चों पर टूटा कहर, 12 वर्षीय राजू की डूबकर मौत
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अविनाश श्रीवास्तव / रोहतास - रोहतास जिले के सासाराम अनुमंडल क्षेत्र से बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। मोहन बिगहा गांव के पांच बच्चे सोन नदी में स्नान करने गए थे। गर्मी के मौसम में नदी में नहाने और खेलने के दौरान बच्चे धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ गए। इसी दौरान वे अचानक तेज बहाव और अधिक गहराई वाले हिस्से में पहुंच गए, जिससे सभी बच्चे डूबने लगे। किसी तरह चार बच्चों ने साहस दिखाते हुए खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 12 वर्षीय राजू कुमार पानी में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। मृतक की पहचान मोहन बिगहा निवासी महावीर साहू के पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हाईलाइट्स -
- रोहतास के मोहन बिगहा गांव का 12 वर्षीय राजू कुमार सोन नदी में डूबा।
- पांच बच्चे नदी में नहाने गए थे, चार सुरक्षित बाहर निकल आए।
- ग्रामीणों ने 2-3 घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद किया।
- डेहरी नगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
- परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मुआवजे की प्रक्रिया शुरू।
ग्रामीणों ने घंटों चलाया खोज अभियान
नदी से सुरक्षित बाहर निकले बच्चों ने जब गांव पहुंचकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी तो पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए नदी में राजू की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों के अनुसार नदी का वह हिस्सा काफी गहरा था, जिससे खोजबीन में काफी कठिनाई हुई। करीब दो से तीन घंटे तक लगातार प्रयास और मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने राजू के शव को नदी से बाहर निकाला। शव मिलने के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। गांव में मातम का माहौल छा गया और परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर कोई भावुक हो उठा। इस दुखद घटना ने एक बार फिर बच्चों की नदी और जलाशयों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम, मुआवजे की प्रक्रिया शुरु
घटना की सूचना मिलते ही डेहरी नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सभी जरूरी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता और मुआवजे को लेकर भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। राजू की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें - पति ने दिए दर्द, बहनोई के भाई ने दिया प्यार... थाने के मंदिर में चढ़ी प्रेम कहानी की डोली