पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी लूट, लुटेरे तो आए ही थे, लेकिन अंदर का खेल बना सबसे बड़ा सस्पेंस
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना- पटना में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए हैं। पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट की वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
हाईलाइट्स:
- पटना के रामकृष्णा नगर इलाके में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट
- हथियारबंद 5 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
- करीब 15–20 लाख के गहने और कैश लूटकर फरार
- CCTV खंगाल रही पुलिस, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
- वारदात के बीच ‘मौकापरस्तों’ की भूमिका ने बढ़ाया सस्पेंस
- सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे बड़े सवाल
दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप पर धावा
घटना पुरानी भारत गैस गोदाम कॉलोनी की है, जहां पांच हथियारबंद अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे। इनमें से तीन बदमाश दुकान के अंदर घुसे, दुकान में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकानदार को अपने कब्जे में ले लिया और कुछ ही मिनटों में लूट की वारदात को अंजाम दे डाला।
लाखों के गहने और कैश लूटकर फरार
अपराधियों ने करीब 15 से 20 लाख रुपये के आभूषण और नकदी लूट लिए। लूटे गए सामान में लगभग 4 किलो चांदी और 100 ग्राम सोना शामिल बताया जा रहा है। वारदात के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
लूट के बीच ‘मौकापरस्तों’ की शर्मनाक हरकत
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि जब हथियारबंद लुटेरे दुकान में वारदात को अंजाम दे रहे थे, उसी दौरान कुछ लोग ग्राहक बनकर वहां मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने इस अफरा-तफरी का फायदा उठाते हुए खुद भी गहनों पर हाथ साफ करने की कोशिश की। यानी इस लूटकांड में सिर्फ बदमाश ही नहीं, बल्कि मौके का फायदा उठाने वाले कुछ तथाकथित ‘ग्राहक’ भी शामिल हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है ।
इसे भी पढ़ें - बिहार के साथ आर्थिक अन्याय का आरोप: राजद का केंद्र पर हमला, सुधाकर सिंह बोले– राज्यों की स्वायत्तता खत्म की जा रही