एक ही रात तीन घर… दीवार फांदकर घुसे चोर, सुबह खुला ऐसा राज कि गांव में मच गया हड़कंप
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
राहुल कुमार / शेरघाटी - गुरुआ थाना क्षेत्र के नवाबचक गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन घरों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सुनसान का फायदा उठाते हुए दीवार के सहारे छत पर चढ़कर घरों में प्रवेश किया और कीमती जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
हाईलाइट्स:
- नवाबचक गांव में एक ही रात तीन घरों में बड़ी चोरी
- लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ
- दीवार फांदकर छत के रास्ते घरों में घुसे चोर
- पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी
- ग्रामीणों ने रात गश्त बढ़ाने की मांग की
लाखों के जेवरात और नकदी की चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार के घर से करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर और 50 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। वहीं कृष्ण यादव के घर से लगभग 50 हजार रुपये के जेवर और 5 हजार रुपये नकद गायब मिले। इसके अलावा विनय यादव के घर से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात और 5 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। चोरी के बाद घरों का सामान बिखरा मिला, जिससे वारदात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसी दौरान कृष्ण यादव के घर से चोरी किया गया बक्सा गांव के बधार में बरामद हुआ, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर जल्दबाजी में कुछ सामान छोड़कर भागे। थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें - CBI का बड़ा एक्शन: 11 साल से फरार कुख्यात अपराधी भोला सिंह सूरत से गिरफ्तार, कोलकाता अपहरण केस में था वांछित