गोपालगंज में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप पर हमला, फायरिंग में एक की मौत, पांच अपराधी गिरफ्तार
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
गोपालगंज - जिले के भोरे थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत लाला छापर बाजार स्थित दीपक ज्वेलर्स की दुकान में शुक्रवार को दिनदहाड़े करीब पांच बाइक सवार अपराधियों ने धावा बोल दिया। बदमाश लूटपाट की नीयत से दुकान में घुसे और पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
हाइलाइट्स -
- ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े लूट की कोशिश
- फायरिंग में एक की मौत, एक गंभीर घायल
- ग्रामीणों ने दो अपराधियों को मौके पर पकड़ा
- पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
- बाकी अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी
दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग
दुकान में घुसते ही अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। विरोध करने पर बदमाश और उग्र हो गए।
गोलीबारी में एक की मौत, एक गंभीर घायल
अंधाधुंध फायरिंग के दौरान दो ग्रामीण गोली लगने से घायल हो गए। इनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी है, जिसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है।
ग्रामीणों का पलटवार, दो अपराधी पकड़े गए
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए दो अपराधियों को मौके पर ही पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। बाकी बदमाश भागने में सफल रहे, लेकिन एक बाइक मौके पर ही छोड़ गए, जिसे लोगों ने आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के चंगुल से पकड़े गए अपराधियों को छुड़ाकर हिरासत में लिया। घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार्रवाई में पांच अपराधी गिरफ्तार
हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता और सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी लूट की नीयत से दुकान में घुसे थे।
फरार बदमाशों की तलाश जारी
पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से लगातार पूछताछ कर रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें - मोतिहारी में बुलडोजर एक्शन पर बवाल, अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर ग्रामीणों का हमला