क्राइम

समस्तीपुर के सुधांशु कुमार हत्याकांड के पांच आरोपी गिरफ्तार, तलवार से गला काट कर की थी हत्या

अफरोज आलम/न्यूज11  भारत

समस्तीपुर/डेस्क:  समस्तीपुर के सुधांशु कुमार उर्फ शर्मा की तलवार से गला काटकर 13 मार्च को हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विवेक कुमार उर्फ मलिंगा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसारी गांव की है. एएसपी संजय पांडे ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि मलिंगा और सुधांशु पहले आपस में दोस्त थे. लेकिन दोनों के बीच शराब कारोबार को लेकर दुश्मनी हो गई. मृतक सुधांशु पर भी हत्या और शराब कारोबार से जुड़ा हुआ मामला दर्ज है. मलिंगा पर भी कई मामले दर्ज है, जिसमें वह फरार भी चल रहा था. इधर दोनों में अदावत के बाद मलिंगा को लगने लगा था कि हिमांशु उसकी हत्या कर देगा. जिससे वह डरा सहमा भी रहता था. एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के पूछताछ के बाद यह बात सामने आई है कि 10 मार्च की शाम सुधांशु देसी शराब बेचने जा रहा था . इसी दौरान रास्ते में मलिंगा और उसके सदस्यों से इसकी मुलाकात हो गई. वहीं पर सड़क किनारे मलिंगा और उसके लोगों ने इसे पकड़ लिया और वहीं पर पटक कर सड़क किनारे ही इस पर तलवार से वार किया. पहले दोनों पैर पर वार किया. फिर गला काट डाला. बाद में इसे बांसवाड़ा में लाकर रखा जहां पर इसके शरीर को बोरी में बंद किया और बगल के बंजर खेत में दफन कर दिया. इसके सिर को घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर बालू के नीचे छुपा दिया. इस दौरान इन लोगों ने उक्त खेत की जुताई भी कराई. जिसकी जानकारी भूमि स्वामी को भी थी.

एएसपी ने बताया कि दोनों में शराब कारोबार को लेकर तनातनी की स्थिति थी. सुधांशु इसकी हत्या न कर दे इस डर से इसने सुधांशु की हत्या कर दी. एएसपी ने बताया कि इस मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिल गया है. गिरफ्तार किए गए बदमाशों ने अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है. सभी लोगों को स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाई जाएगी. एएसपी ने बताया कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर लिया है. इसके साथ ही सुधांशु की मोबाइल भी सिर के पास ही बरामद की है. इसके अलावा गांव के ही पोखर से सुधांशु की साइकिल भी बरामद की गई है.

यह भी पढ़ें: सुपौल में मस्जिद के शौचालय से मिला बिजली मिस्त्री का शव, रॉन्ग नंबर से शुरू हुआ प्यार, धर्म बदला, 2 साल पहले की थी शादी