इमामगंज पुलिस ने पीएनबी सीएसपी बैंक लूट कांड का सफ

सीएसपी बैंक लूट कांड का पर्दाफाश: मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार, हथियार व नगदी बरामद

सीएसपी बैंक लूट कांड का मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार, हथियार व नगदी बरामद

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

राहुल कुमार / शेरघाटी : इमामगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पाकाडीह स्थित पीएनबी सीएसपी बैंक लूट कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने कुख्यात अपराधी और मामले के मास्टरमाइंड मृत्युंजय पासवान समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, लूट की नगदी, एक बाइक और दो कीपैड मोबाइल बरामद किए हैं।

हाईलाइट्स:

  • पीएनबी सीएसपी बैंक लूट कांड का पुलिस ने किया खुलासा
  • मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
  • देसी कट्टा, कारतूस, नगदी और बाइक बरामद
  • 8 अप्रैल को हुई थी करीब 2 लाख की लूट
  • मुख्य आरोपी पर 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज

दिनदहाड़े हुई थी लूट की वारदात

इमामगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) कमलेश कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 8 अप्रैल 2026 को तीन से चार अज्ञात अपराधियों ने पाकाडीह स्थित पीएनबी सीएसपी बैंक में हथियार के बल पर करीब दो लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया था। इस संबंध में इमामगंज थाना में कांड संख्या 99/26 दर्ज किया गया था।

विशेष टीम बनाकर की गई कार्रवाई

घटना के उद्भेदन के लिए गया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी कमलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार, सब इंस्पेक्टर पवन कुमार, अवर निरीक्षक योगेंद्र पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

हाईवे से दबोचे गए आरोपी

डीएसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 19 अप्रैल 2026 को स्टेट हाईवे-69 पर विश्रामपुर पुल के समीप मल्हारी मोड़ से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान बिंदु पासवान के पास से एक देसी कट्टा और राहुल कुमार के पास से लूट की 3500 रुपये नगद बरामद हुए।

आर्म्स एक्ट में अलग मामला दर्ज

हथियार बरामद होने के बाद आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 113/26 भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका उपयोग लूट की घटना में किया गया था।

कुख्यात अपराधी है मास्टरमाइंड

गिरफ्तार आरोपितों में बिंदु पासवान (थाना आमस), राहुल पासवान और मृत्युंजय पासवान (दोनों थाना शेरघाटी) शामिल हैं। डीएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी मृत्युंजय पासवान पर विभिन्न थानों में करीब आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अपराधियों को सख्त चेतावनी

डीएसपी कमलेश कुमार ने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अपराध की राह छोड़ने की चेतावनी देते हुए कहा कि कानून से बचना संभव नहीं है। साथ ही दावा किया कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में हुई अधिकांश लूट की घटनाओं का सफल उद्भेदन किया जा चुका है।

इसे भी पढ़ें - बिहार के साथ आर्थिक अन्याय का आरोप: राजद का केंद्र पर हमला, सुधाकर सिंह बोले– राज्यों की स्वायत्तता खत्म की जा रही