CBI का बड़ा एक्शन: 11 साल से फरार कुख्यात अपराधी भोला सिंह सूरत से गिरफ्तार, कोलकाता अपहरण केस में था वांछित
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी भोला सिंह उर्फ गौतम कुमार उर्फ अमित शर्मा को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित पंडारक का रहने वाला है। उसे एक सुनियोजित अभियान के तहत उसके छिपने के ठिकाने से पकड़ा गया। यह गिरफ्तारी RC 1(5)/2015 मामले के तहत की गई है, जो कोलकाता में दो व्यक्तियों के अपहरण से जुड़ा हुआ है।
कोलकाता अपहरण मामला और आपराधिक इतिहास
यह मामला 14 जुलाई 2014 का है, जब कोलकाता से दो लोग रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर इसकी जांच CBI को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि भोला सिंह वर्ष 2015 से फरार था और उसने ‘अमित शर्मा’ नाम से फर्जी पहचान बनाकर सूरत में रहना शुरू कर दिया था।
आरोपी के खिलाफ बिहार पुलिस में अपहरण, हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने सहित 11 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फरारी और आगे की कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, आरोपी पहले भी 2012 के शास्त्रीनगर हत्याकांड में गिरफ्तार हो चुका था, लेकिन जेल से रिहा होने के बाद वह फिर फरार हो गया। वर्ष 2022 में उसके पैतृक घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गई थी। अब CBI उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले जाने की प्रक्रिया में है, जहां उससे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें - कर्जदार बिहार में ‘विज्ञापन की बौछार’! तेजस्वी ने सम्राट चौधरी पर किया सिधा हमला..