बिहार

रामनवमी पर धार्मिक ध्वज हटाने का वीडियो वायरल, ग्रामीणों में आक्रोश; पुलिस बोली- आवेदन मिलते ही होगी कार्रवाई

राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत शेरघाटी/डेस्क: रामनवमी के अवसर पर डुमरिया प्रखंड के छकरबंधा थाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं से जुड़ा एक मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल है. पानी टंकी पर लगे धार्मिक ध्वज को हटाने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, समतुलाह अंसारी (पिता साबिर मियां उर्फ बिलाई मियां) पर आरोप है कि उन्होंने पानी टंकी पर चढ़कर वहां लगे धार्मिक ध्वज को हटा दिया. इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हरकत से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और क्षेत्र के सामाजिक सौहार्द पर असर पड़ सकता है. लोगों ने प्रशासन से मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, कुछ बुद्धिजीवियों और स्थानीय लोगों ने संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी हाल में आपसी भाईचारा और हिंदू-मुस्लिम एकता को कमजोर नहीं होने देना चाहिए. वहीं, छकरबंधा थाना अध्यक्ष शमशेर आलम ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जाएगी.