बिहार में तेज रफ्तार ने ली दो जिंदगी, ट्रक-बाइक की टक्कर में युवकों की मौत
न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डेपट्टी पंचायत सरकार भवन के पास NH-327 पर मंगलवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक (कंटेनर) और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीनों युवक रानीगंज से जदिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था।
मृतकों के नाम
इस हादसे में मधेपुरा जिला के सिंहेश्वर थाना इलाके के सुखासन निवासी जेबा (19) और मधेपुरा जिला के श्रीनगर थाना इलाके के पुरैनी निवासी मोहम्मद अरवाज (21) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है।
कंटेनर की हो रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। जदिया थानाध्यक्ष नन्द किशोर ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कंटेनर में क्या लदा था और वह कहां से आ रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।