लव मैरिज के 4 महीने बाद दहेज की मांग, नवविवाहिता को जहर देकर उतारा मौत के घाट
न्यूज 11 भारत बिहार डेस्क
सुपौल - बिहार के सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत छिटही हनुमान नगर वार्ड संख्या 10 में दहेज को लेकर एक नवविवाहिता की कथित हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने महिला को जहर खिलाकर मार डाला। घटना के बाद से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
हाईलाइट्स :
- सुपौल में नवविवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप
- 4 महीने पहले प्रेम-प्रसंग में हुई थी शादी
- डेढ़ लाख देने के बाद भी 5 लाख की अतिरिक्त मांग
- दहेज नहीं देने पर पति, सास व भैसुर पर हत्या का आरोप
- घटना के बाद सभी आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
4 महीने पहले प्रेम विवाह, फिर शुरू हुआ दहेज का दबाव
मृतका के पिता मोहम्मद अब्दुल्ला के अनुसार, उनकी बेटी की शादी करीब चार महीने पहले मोहम्मद जमशेद के साथ प्रेम-प्रसंग में हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन जल्द ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग शुरू हो गई। पंचायत के जरिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई, जिसे उन्होंने किसी तरह पूरा कर दिया।
5 लाख की अतिरिक्त मांग बनी मौत की वजह
पिता का आरोप है कि पहली मांग पूरी होने के बावजूद ससुराल वालों का लालच खत्म नहीं हुआ और वे लगातार पांच लाख रुपये नकद देने का दबाव बनाने लगे। जब उन्होंने असमर्थता जताई और कुछ समय मांगा, तो पति, सास और भैसुर ने मिलकर उनकी बेटी को जहर खिला दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
परिजनों को रविवार रात सूचना मिली कि महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब पिता अस्पताल पहुंचे, तब तक उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।
आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
घटना के बाद आरोपी पति, सास और अन्य परिजन घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है। भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इलाके में आक्रोश, न्याय की मांग तेज
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग और परिजन दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें - मासूमियत का कत्ल ! जिसे गोद में होना था, वो कूड़े में मिला… 10 साल के शमीर की मौत से कांपा भागलपुर