गन्ना यंत्रीकरण योजना: 26 दिसंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
न्यूज11 भारत पटना/डेस्क: राज्य सरकार गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में गन्ना उद्योग विभाग द्वारा संचालित गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत किसानों को यंत्रों की खरीद पर 50 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा. इस योजना के अंतर्गत इच्छुक गन्ना किसान 26 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा. विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार व्यक्तिगत गन्ना किसानों को चिन्हित कृषि यंत्रों की खरीद पर यंत्र के निर्धारित मूल्य का 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा. अत्यंत पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के गन्ना किसानों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त अनुदान देने का प्रावधान है. चीनी मिल क्षेत्र में गन्ना यंत्र बैंक स्थापित करने के लिए चीनी मिल, पैक्स, जीविका, एफपीओ और आत्मा समूहों को गन्ना यंत्रों के समूह मूल्य पर 70 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा. राज्य सरकार का उद्देश्य है कि आधुनिक यंत्रीकरण के माध्यम से गन्ना उत्पादन को बढ़ाया जाए, किसानों की लागत कम हो और खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके. इसके लिए सरकार लगातार किसानों को तकनीकी सहायता और आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है. गन्ना उद्योग विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं, ताकि अनुदान की राशि समय पर उपलब्ध कराई जा सके. ये भी पढ़ें- बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को तीन अलग-अलग श्रेणियों में ISO सर्टिफिकेट, प्रमाणन पाने वाला देश का पहला राज्य बोर्ड