मुंगेर में शराब तस्करी के एक बड़े मामले में उस वक्

800 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार तस्कर कोर्ट ले जाते समय फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप

दिवाकर कुमार/न्यूज11 भारत मुंगेर/डेस्क: मुंगेर में शराब तस्करी के एक बड़े मामले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 800 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार दो तस्करों में से एक आरोपी कोर्ट ले जाने के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने खदेड़कर दोबारा पकड़ लिया. इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

दरअसल, मुफस्सिल थाना पुलिस ने मंगलवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-333बी पर बनौदा के समीप एक ट्रक को रोककर जांच की थी. तलाशी के दौरान ट्रक में तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे गए 93 कार्टून विदेशी शराब बरामद किए गए. बरामद शराब में 4418 पीस बोतल और टेट्रा पैक शामिल थे, जिसकी मात्रा करीब 800 लीटर बताई जा रही है. मामले में पुलिस ने पूर्णिया जिले के कस्बा थाना क्षेत्र के वालसर गांव निवासी दो तस्करों मो. सोनू और मो. मज्जम को गिरफ्तार किया था. 

बुधवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए दो चौकीदारों की निगरानी में कोर्ट ले जाया जा रहा था. बताया जाता है कि एसपी कार्यालय स्थित नाफिस शाखा में फोटो खिंचवाने के बाद जैसे ही दोनों आरोपियों को कोर्ट ले जाया जा रहा था, तभी दोनों ने हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और अलग-अलग दिशा में भागने लगे. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. तत्काल चौकीदारों और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों का पीछा किया. काफी दूर तक खदेड़ने के बाद मो. सोनू को पकड़ लिया गया, लेकिन मो. मज्जम पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा. 

अब इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि इतने बड़े शराब तस्करी मामले के आरोपियों को केवल दो चौकीदारों के भरोसे कोर्ट भेजना बड़ी लापरवाही है. इस  मामले में पुलिस अधीक्षक, सैयद इमरान मसूद ने बताया कोर्ट में उपस्थापन के लिए ले जाने के दौरान दोनों शराब तस्करों ने हथकड़ी से हाथ निकाल कर भागने का प्रयास किया. पुलिस ने मो. सोनू को पकड़ लिया है, जबकि मो. मज्जम फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.'

यह भी पढ़ें: पीड़िता को 50 लाख मुआवजा देने की मांग, शाम 7 बजे अस्पताल पहुंचेंगे तेजस्वी यादव!