शेरघाटी : कौलेश्वरी जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर पलटा, दर्जनों घायल
न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो बाजार से कुछ दूरी पर सोनबरसा गांव के समीप बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया. गया जिला के शेरघाटी थाना क्षेत्र के उचिरमा गांव निवासी पाचू मांझी के परिवार के लोग कौलेश्वरी मंदिर दर्शन के लिए ट्रैक्टर से जा रहे थे, तभी अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया.
इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार दर्जनों लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल हंटरगंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जा रहा है.
बताया जाता है कि ट्रैक्टर पर एक ही परिवार और गांव के कई लोग सवार थे, जो पूजा-अर्चना के लिए कौलेश्वरी जा रहे थे. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई.
घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है. प्रशासन की ओर से घायलों के परिजनों तक सूचना पहुंचाने की अपील की गई है. वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से तपोवन मंदिर के महंत ओम प्रकाश शरण के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की