सारण में बड़ा एक्शन: दारोगा मोहित कुमार 9 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
सारण / छपरा / पवन कुमार सिंह : सारण जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने डोरीगंज थाना क्षेत्र में तैनात एक दारोगा को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दारोगा की पहचान एसआई मोहित कुमार के रुप में की गई । सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मोहित कुमार के खिलाफ एक मामले में राहत दिलाने के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। निगरानी ब्यूरो ने पहले शिकायत का सत्यापन किया और उसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
हाईलाइट्स -
- सारण के डोरीगंज थाना क्षेत्र में दारोगा गिरफ्तार
- 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया
- निगरानी ब्यूरो ने सत्यापन के बाद बिछाया था ट्रैप
- निजी आवास से हुई कार्रवाई
निजी आवास से हुई गिरफ्तारी
बुधवार सुबह करीब 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय टीम ने दफ्तरपुर पेट्रोल पंप के समीप स्थित उनके निजी आवास पर छापा मारा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से घात लगाए टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान निगरानी टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। बताया जा रहा है कि टीम पहले से ही आसपास मौजूद थी और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रही थी। लेन-देन होते ही टीम सक्रिय हुई और गिरफ्तारी को अंजाम दिया।
पटना ले जाकर पूछताछ जारी
डोरीगंज थानाध्यक्ष राज शेखर ने दारोगा की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। हालांकि, यह कार्रवाई किस विशेष मामले में की गई, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी एसआई को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम अपने साथ पटना ले गई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी। खबर लिखने तक मिली जानकारी के अनुसार अभी आरोपी को पटना ले जाकर पूछताछ जारी की जा रही है। अपडेट जारी....
इसे भी पढ़ें - खुशखबरी ! बिहार में 4954 एएनएम को मिला नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई रफ्तार