प्रधानमंत्री मोदी की पेट्रोल-डीजल बचत अपील के बाद

19 गाड़ियों के काफिले से सादगी तक! PM मोदी की अपील के बाद बदले सम्राट चौधरी के तेवर !

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

पटना -  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील की थी। इसी बीच बिहार में नेताओं के लंबे काफिलों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। खासकर मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी  का 19 गाड़ियों वाला काफिला चर्चा का विषय बना हुआ था, जिसे मीडिया में भी प्रमुखता से दिखाया गया।

हाईलाइट्स- 

  • PM मोदी की ईंधन बचत अपील का बिहार में दिखा असर
  • 19 गाड़ियों के काफिले से सिर्फ 3 वाहनों तक पहुंचे सम्राट चौधरी
  • पटना एयरपोर्ट पर सादगी भरे अंदाज़ में दिखे बिहार के मुख्यमंत्री
  • नित्यानंद राय ने भी कार्यक्रमों में कम वाहन इस्तेमाल करने की अपील की
  • बीजेपी कार्यकर्ताओं और जिला अध्यक्षों को पहले से निर्देश देने की बात कही गई

सम्राट चौधरी ने बदला अंदाज़

मीडिया में मामला सामने आने के बाद अब सम्राट चौधरी के तेवर बदले नजर आए। पटना से दरभंगा जाने के दौरान वह पटना एयरपोर्ट सिर्फ तीन गाड़ियों के साथ पहुंचे। इस दौरान न कोई बड़ा ताम-झाम दिखा और न ही लंबा काफिला। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील को उन्होंने अपने स्तर पर लागू करने की शुरुआत कर दी है। उनके इस कदम को सादगी और ईंधन बचत के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

नित्यानंद राय ने भी लिखा पत्र

वहीं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय  की ओर से भी इस दिशा में पहल की गई है। उनके निजी सचिव ने बिहार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था में वाहनों की संख्या कम रखने का अनुरोध किया है। साथ ही बिहार बीजेपी अध्यक्ष को भी पत्र भेजकर कहा गया है कि पार्टी या सरकारी कार्यक्रमों में स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा अनावश्यक वाहनों का इस्तेमाल न किया जाए। जिला अध्यक्षों को भी पहले से इस संबंध में सूचना देने की बात कही गई है।

इसे भी पढ़ें - 12 दिन पहले दुल्हन बनी थी गीता, सात जन्मों तक साथ निभाने का किया था वादा,पति ने तोड़ा वचन , गलादबाकर की पत्नी हत्या...