लखीसराय में खेत में फसल कटवा रहे रेलकर्मी की गोली मारकर हत्या, गांव में दहशत
सरफराज आलम/न्यूज़11 भारत बिहार/डेस्क: पीरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरा राजपुर पंचायत के घोघी गांव में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया. खेत में फसल कटवा रहे रेल कर्मचारी को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. मृतक की पहचान स्व.रामाशीष राम के पुत्र संतोष उर्फ दिलीप कुमार के रूप में हुई है. वे रेलवे के भारतीय रेलवे के अंडाल (पश्चिम बंगाल) मंडल में ग्रुप-डी पद पर कार्यरत थे पिछले दो वर्षों से सेवा दे रहे संतोष इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे.
जानकारी के अनुसार, बीती देर शाम संतोष अपने खेत में मजदूरों से सरसों की फसल कटवा रहा था. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उस पर अचानक गोलियां चला दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक को दो गोलियां लगीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे नाजुक हालत में सदर अस्पताल लखीसराय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार चौधरी ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है. फिलहाल परिजन बयान देने की स्थिति में नहीं है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है.
यह भी पढ़े: छपरा शहर के हथुआ मार्केट में लगी भीषण आग, करोड़ो की संपत्ति जलने की आशंका