बिहार

रामनवमी को लेकर पटना महावीर मंदिर में तैयारियां जोरों पर, DM और SSP ने व्यापक इंतजाम को लेकर की बैठक

न्यूज़11 भारत पटना/डेस्क: आगामी रामनवमी पर्व को लेकर राजधानी पटना के ऐतिहासिक महावीर मंदिर में तैयारियां जोरों पर हैं. हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. रविवार को पटना के जिलाधिकारी एस.एम. त्यागराजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ एक अहम बैठक संपन्न हुई, जिसमें भीड़ नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. डीएम ने बताया कि महावीर मंदिर में रामनवमी के दिन भारी भीड़ उमड़ती है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. मंदिर परिसर और आसपास जल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. प्रशासन का दावा है कि इस बार श्रद्धालु सुगमता से दर्शन कर सकेंगे और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी. चिकित्सा सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है, जिसके तहत विभिन्न स्थानों पर एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी. सुरक्षा के लिहाज से भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि पर्व के दौरान शांति और व्यवस्था बनी रहे.  ये भी पढ़ें- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी पहुंचे दिल्ली, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ की अहम बैठक