मोतिहारी में बुलडोजर एक्शन पर बवाल, अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर ग्रामीणों का हमला
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
मोतिहारी - मोतिहारी में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ढाका थाना क्षेत्र के करमवा चौक के पास निर्माणाधीन भारतमाला रोड से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया।
हाईलाइट्स:
- अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला
- पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, चौकीदार को बनाया बंधक
- जमकर पथराव, पुलिस को मौके से खदेड़ा गया
- NHAI की शिकायत पर FIR दर्ज
- 12 नामजद और 25-30 अज्ञात पर केस, कई हिरासत में
पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, चौकीदार को बनाया बंधक
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की, कॉलर पकड़कर घसीटा और थप्पड़ भी मारे। इस दौरान स्थानीय चौकीदार को बंधक बना लिया गया और उसकी जमकर पिटाई की गई। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस टीम को मौके से पीछे हटना पड़ा।
पथराव और भगदड़, पुलिस को पीछे हटना पड़ा
घटना के दौरान जमकर पथराव हुआ, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि पुलिस को खदेड़कर भगा दिया गया। बाद में चौकीदार पर भी ग्रामीणों ने अपना गुस्सा उतारा।
NHAI की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में भारतमाला परियोजना से जुड़े NHAI के अधिकारियों ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने 12 नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कई लोग हिरासत में, गांव छोड़ भाग रहे आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया था, हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। वहीं गिरफ्तारी के डर से कई आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं।
पुलिस बोली- मामूली झड़प, जांच जारी
ढाका थानाध्यक्ष के अनुसार, घटना गुरुवार की है और इसे "हल्की झड़प" बताया गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़ें - ACTION में CM सम्राट चौधरी, बिहार के विकास को लेकर लगातार कर रहे बैठक