सदर अस्पताल पहुंचे विधायक आई.पी. गुप्ता, मारपीट पीड़ित का जाना हाल
इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत सहरसा/डेस्क: सहरसा विधायक आई.पी. गुप्ता बुधवार को सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली. अस्पताल पहुंचने के बाद विधायक ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई थी और वह इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है.
विधायक ने बताया कि पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बलवाहाट थाना की ओर से मामले को मैनेज करने और समझौता कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. इसी शिकायत की जानकारी मिलने के बाद वह स्वयं अस्पताल पहुंचकर पीड़ित से मिले और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर पीड़ित के साथ अन्याय हुआ है तो इसकी जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी.
अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक आई.पी. गुप्ता ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य विभाग को लेकर लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यदि किसी अस्पताल में किसी प्रकार की कमी या संसाधनों का अभाव है तो इसकी जानकारी विभाग को दी जाए, ताकि उसे जल्द से जल्द दूर किया जा सके.
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल की व्यवस्था सामान्य और संतोषजनक पाई गई है. हालांकि यदि भविष्य में किसी तरह की गड़बड़ी या आवश्यक सुविधाओं की कमी सामने आती है तो जिला प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाएगा. विधायक ने कहा कि जिलाधिकारी को भी स्पष्ट रूप से कहा गया है कि अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए जरूरी संसाधनों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कम से कम इतनी व्यवस्था अवश्य होनी चाहिए कि किसी भी मरीज को तत्काल दूसरे अस्पताल रेफर करने की नौबत न आए और जरूरत पड़ने पर वह तीन दिनों तक यहां समुचित इलाज प्राप्त कर सके. मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता है.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में भीषण गर्मी का असर: 25 से 27 जून तक कक्षा आठवीं तक के स्कूल बंद, बड़ी कक्षाएं सुबह 10 बजे तक