बिहार

तेतरहाट में मिलावटी तेल का बड़ा खुलासा, 5 हजार लीटर तेल जब्त, वर्कशॉप सील

शम्भू भगत/न्यूज11  भारत

भागलपुर/डेस्क:  भागलपुर जिले के कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरहाट में मिलावटी वेजिटेबल ऑयल के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 5,000 लीटर तेल जब्त किया और संबंधित वर्कशॉप को सील कर दिया. कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

सूत्रों के अनुसार तेतरहाट स्थित एक तेल मिल में खुले तेल में मिलावट कर उसे नामी कंपनियों के ब्रांडेड पैकेट में भरकर बाजार में बेचा जा रहा था. बताया जा रहा है कि इस तेल की सप्लाई होलसेल बाजारों के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी की जा रही थी.

सूचना मिलते ही नाथनगर के एमओ अभिजीत कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे. छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में खाली पैकेजिंग सामग्री विभिन्न ब्रांड के रैपर और भारी मात्रा में तेल बरामद हुआ. अधिकारियों ने तेल की गुणवत्ता संदिग्ध बताते हुए पूरे स्टॉक को सील कर दिया और सैंपल जांच के लिए भेजा है.

रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं वर्कशॉप संचालक ने सभी लाइसेंस वैध होने का दावा किया है.

यह भी पढ़ें: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी परिसर से बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी, जिलेभर में जागरूकता अभियान का आगाज