पेट्रोल बचाने और फिट रहने का नया फॉर्मूला! हर शुक्रवार ‘ग्रीन डे’ की पहल, साइकिल और पैदल चलने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने विभागीय पदाधिकारियों और कर्मियों से हर शुक्रवार को सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल या पैदल चलकर कार्यालय आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ईंधन की खपत कम करना, प्रदूषण नियंत्रण को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक बनाना है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह किसी प्रकार की बाध्यता नहीं, बल्कि स्वैच्छिक अभियान है।
हाईलाइट्स -
- हर शुक्रवार सार्वजनिक परिवहन और साइकिल उपयोग की अपील
- साइकिल या पैदल आने वाले कर्मियों को मिलेगा प्रोत्साहन
- ईंधन बचत और प्रदूषण नियंत्रण पर जोर
- स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की पहल
साइकिल और पैदल चलने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन
मंत्री ने कहा कि जो कर्मचारी साइकिल या पैदल चलकर कार्यालय पहुंचेंगे, उनका विभागीय स्तर पर स्वागत और प्रोत्साहन किया जाएगा। इससे कर्मचारियों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी विभागों से इसकी शुरुआत होती है तो समाज के अन्य वर्गों पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद पहल
दीपक प्रकाश ने कहा कि पैदल चलना और साइकिल का उपयोग स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। नियमित रूप से ऐसा करने से हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है और शरीर सक्रिय बना रहता है। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में लंबे समय तक बैठकर काम करने की वजह से होने वाली कई स्वास्थ्य समस्याओं से भी इस पहल के जरिए बचाव संभव है।
इसे भी पढ़ें- 12 दिन पहले दुल्हन बनी थी गीता, सात जन्मों तक साथ निभाने का किया था वादा,पति ने तोड़ा वचन , गलादबाकर की पत्नी हत्या...