बिहार

सोभ सुलेबट्टा में भव्य शोभायात्रा, झांकियों में जीवंत हुए राम-सीता, राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती

राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत शेरघाटी/डेस्क: रामनवमी के पावन अवसर पर बाराचट्टी थाना क्षेत्र के सोभ सुलेबट्टा में आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला. जीटी रोड से होकर निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे इलाके को भक्तिमय बना दिया. शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीराम-सीता, हनुमान, राधा-कृष्ण तथा शिव-पार्वती की मनमोहक झलक प्रस्तुत की गई, जिसे देखने के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. गाजे-बाजे, भक्ति गीत, नृत्य और जयकारों के बीच निकली इस शोभायात्रा में सनातन धर्मावलंबियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा. श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह राममय हो गया. शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा. बाराचट्टी थानाध्यक्ष अमरेन्द्र किशोर के नेतृत्व में पुलिस बल और सैप के जवान तैनात रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ. इस आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मौके पर लाल सिंह, रामबिलास शर्मा, नंदा सिंह, ओमकार साह, गुड्डू केसरी, रोही पंचायत के मुखिया विजय प्रसाद सिन्हा, गोपाल प्रसाद, गुलाब प्रसाद, प्रेम गुप्ता, प्रिंस कुमार सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, सतीश कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे. भव्य झांकियों और श्रद्धालुओं के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि क्षेत्र में रामनवमी का पर्व पूरे श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जा रहा.